केन्द्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अनंत कुमार का निधन
केंद्रीय मंत्री तथा भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अनंत कुमार का 12 नवंबर, 2018 को बेंगलुरु में निधन हो गया। ये 59 साल के थे और कैंसर से पीड़ित थे। ये पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। कर्नाटक के बेंगलुरु दक्षिण से सांसद अनंत कुमार केंद्र सरकार में संसदीय कार्यमंत्री थे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कुमार के निधन पर शोक व दुःख व्यक्त करते हुए कि वे एक असाधारण नेता थे, जिन्होंने एक छोटी उम्र में सार्वजनिक जीवन में प्रवेश किया और अत्यंत परिश्रम और करुणा के साथ समाज की सेवा की। उन्हें हमेशा अपने अच्छे काम के लिए याद किया जाएगा।
उनके निधन पर केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा देशभर में राष्ट्रध्वज आधा झुकाने का निर्देश दिया गया है। उनके पार्टी कार्यालय की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, ये पिछले कुछ दिनों से सघन निगरानी कक्ष में कृत्रिम जीवन रक्षक प्रणाली पर थे और कैंसर और संक्रमण के बाद पैदा हुई जटिलताओं के कारण इनका निधन हो गया।
अनंत कुमार के बारे में:
- इनका जन्म 22 जुलाई, 1959 को बेंगलुरु में हुआ था।
- आरम्भ में ये राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े और छात्र राजनति से होते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में आए।
- ये 19 मार्च, 1998 से 13 अक्टूबर 1999 तक अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में नागरिक उड्डयन मंत्री भी रहे थे।
- ये वर्ष 2009 में हुए 15वीं लोकसभा के लिए आम चुनावों में बेंगलुरु दक्षिण चुनाव क्षेत्र से सदस्य निर्वाचित हुए थे।
- वर्ष 1996 से बेंगलुरु दक्षिण लोकसभा सीट से सांसद अनन्त कुमार वर्तमान केंद्र सरकार में रसायन और उर्वरक मंत्रालय और संसदीय मामलों के मंत्री थे।
