बजरंग पूनिया ने 65 किग्रा वर्ग में शीर्ष विश्व रैंकिंग हासिल की
प्रसिद्ध भारतीय पहलवान बजरंग पूनिया ने हाल ही में 65 किलोग्राम वर्ग में शीर्ष विश्व रैंकिंग प्राप्त की। United World Wrestling (UWW) द्वारा जारी ताज़ा विश्व रैंकिंग के अनुसार, बजरंग पूनिया ने 96 अंकों के साथ तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया। इसके साथ ही पूनिया रैंकिंग में शीर्ष 10 में जगह पाने वाले भारत के एकमात्र पुरुष पहलवान बन गए हैं। रैंकिंग में क्यूबा के एलेजांद्रो एनरिक वालडेस टोबियर दूसरे स्थान पर मौजूद हैं जिनके जिनके 66 अंक हैं।
इस सत्र में सराहनीय प्रदर्शन करते हुए 24 वर्षीय पूनिया ने अब तक 5 पदक जीते हैं। इस वर्ष इन्होंने कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स में स्वर्ण तथा वर्ल्ड चैंपियनशिप में रजत पदक हासिल किया था। ये बुडापेस्ट वर्ल्ड चैंपियनशिप में वरीयता पाने वाले एकमात्र भारतीय पहलवान रहे।
पुरुषों की फ्रीस्टाइल 65 किग्रा वर्ग (Seniors FS 65) रैंकिंग में शीर्ष पांच खिलाड़ी:
स्थान | विजेता | अंक |
---|---|---|
1 | बजरंग पूनिया (भारत) | 96 |
2 | एलेजांद्रो एनरिक वालडेस टोबियर (क्यूबा) | 66 |
3 | अख़मद चकेइव (रूस) | 62 |
4 | ताकुतो ओटोगुरो (जापान) | 56 |
5 | सेलाहतिन किलिकसाल्यान (तुर्की) | 50 |
बजरंग पूनिया:
- बजरंग का जन्म 26 फरवरी, 1994 को हरियाणा के झज्जर में जन्मे पूनिया ने वर्ष 2013 में एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में कांस्य पदक तथा इसी वर्ष विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था।
- पूनिया ने वर्ष 2018 में गोल्ड कोस्ट (ऑस्ट्रेलिया) में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक तथा 2018 में जकार्ता के पालेमबांग में आयोजित 18वें एशियाई खेलों में 65 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीता।
- अक्तूबर 2018 में इन्होंने विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था। इस टूर्नमेंट में दो मेडल जीतने वाले ये पहले भारतीय हैं।
- मई 2017 में दिल्ली में खेली गयी एशियाई कुश्ती प्रतियोगिता इन्होंने स्वर्ण पदक जीता।
- इन्होंने वर्ष 2014 में ग्लासगो (स्कॉटलैंड) में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक तथा इसी वर्ष इन्चियोन में आयोजित 17वें एशियाई खेलों में 61 किग्रा वर्ग में रजत पदक जीता था।
- वर्ष 2014 में एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में रजत पदक जीता।
रैंकिंग में भारत की स्थिति:
- पूनिया रैंकिंग में शीर्ष 10 में जगह पाने वाले भारत के एकमात्र पुरुष पहलवान बन गए हैं।
- भारतीय महिला पहलवान बनी पूजा ढांडा महिलाओं के 57 किग्रा वर्ग में 52 अंक के साथ छठे स्थान पर हैं।
- 59 किग्रा वर्ग में सरिता मोर 29 अंक के साथ सातवें स्थान पर हैं।
- महिलाओं के 50 किग्रा वर्ग में रितु फोगाट 33 अंक के साथ 10वें स्थान पर क़ाबिज़ हैं।
- 68 किग्रा वर्ग में महिला पहलवान नवजोत कौर ने (32 अंक के साथ) और 76 किग्रा वर्ग में किरण ने (37 अंक के साथ) नौवां स्थान हासिल किया है।