Bismillah, c’est les ténèbres: फ्रांस में वायरल नारे की पूरी कहानी

Bismillah, c’est les ténèbres : फ्रांस (France) में छात्र इन दिनों केवल शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को लेकर ही नहीं, बल्कि पूरी व्यवस्था के प्रति प्रदर्शन (Protest) कर रहे हैं। इसी माहौल में एक अजीब-सा viral वाक्य या नारा विरोध की पहचान बन गया है। अरबी के एक शब्द और फ्रेंच के एक वाक्यांश से बने इस नारे ने सोशल मीडिया से लेकर सड़कों तक लोगों का ध्यान खींचा है। यह नारा है- ‘Bismillah, c’est les ténèbres’ ।
अक्टूबर 2026 में फ्रांस के छात्र-प्रदर्शनों से जुड़ा यह व्यंग्यात्मक नारा चर्चा में आया। इस नारे की ख़ास बात यह है कि यह किसी राजनीतिक नेता के भाषण से नहीं, बल्कि कथित रूप से Snapchat पर वायरल हुए एक संदिग्ध मैसेज से लोकप्रिय हुआ है।
इस नारे का शाब्दिक अर्थ भी किसी स्पष्ट राजनीतिक संदेश की तरह नहीं निकलता है।
यह भी पढ़ें: Tort क्या है? Definition, Essential Elements और Tort तथा Crime में अंतर
Bismillah, c’est les ténèbres (बिस्मिल्लाह, से ले तेनेब्र) का मतलब क्या है?
- Bismillah: अरबी शब्द है, जिसका अर्थ होता है ‘ईश्वर के नाम पर’। मुसलमान आमतौर पर कोई भी काम शुरू करने से पहले इसे कहते हैं।
- C’est les ténèbres: फ्रेंच में इस का अर्थ है- ‘यह अंधकार है’ (It’s darkness)। आम फ्रांसीसी बोलचाल की भाषा में, यह शब्द “on y va” यानी ‘चलो चलें’ के समान है।
दोनों को मिलाने पर अर्थ बनता है — “बिस्मिल्लाह, यह तो अंधकार है।” लेकिन यह कोई पारंपरिक धार्मिक या स्पष्ट राजनीतिक नारा नहीं है। “यहाँ तो अंधेरा है” (It’s darkness) का इस्तेमाल किसी भयानक या खतरनाक स्थिति को बताने के लिए किया जा सकता है, लेकिन इन दोनों को एक साथ जोड़ने पर इस वाक्यांश का कोई मतलब नहीं निकलता। इसलिए इसका बेतुका-सा मेल ही इसके व्यंग्य का हिस्सा है। साथ ही इस नारे की लोकप्रियता का कारण इसका सीधा अर्थ नहीं, बल्कि वह कहानी है जिसने इसे वायरल कर दिया।
एक Snapchat मैसेज से शुरू हुई कहानी
फ्रांसीसी मीडिया Euronews के अनुसार, अक्टूबर की शुरुआत में Snapchat पर एक मैसेज वायरल हुआ, जिसमें यह वाक्यांश इस्तेमाल किया गया था। इसमें ‘Mamadou’ नाम के एक यूज़र ने एक ग्रुप में शामिल होने की गुज़ारिश करते हुए लिखा- “नमस्ते, खुदा की कसम, यहाँ तो अंधेरा है। भाई, नाकेबंदी (ब्लॉकेड) कब है?” (Hi, in the name of God, it’s the darkness. When’s the blockade, wallah, bro?)। “Mamadou” नामक यह अकाउंट कथित तौर पर छात्रों के विरोध-प्रदर्शन और स्कूलों की तालाबंदी से जुड़ी जानकारी माँग रहा था। इस मैसेज में अल्जीरिया के झंडे वाले इमोजी भी थे।
कुछ छात्रों को इस संदेश की भाषा अस्वाभाविक लगी। उन्हें संदेह हुआ कि संदेश भेजने वाला कोई पुलिसकर्मी हो सकता है, जो छात्र बनकर प्रदर्शनकारियों के निजी समूहों में घुसने की कोशिश कर रहा हो। हालाँकि, इस दावे की पुष्टि नहीं हुई है। मैसेज में अरबी शब्दों, फ्रेंच स्लैंग और कथित तौर पर अल्जीरियाई झंडे वाले इमोजी का ऐसा मेल था, जिसे कई छात्रों ने अप्राकृतिक और रूढ़िवादी नकल माना।
इसके बाद छात्रों ने उस वाक्यांश का मज़ाक उड़ाना शुरू किया। धीरे-धीरे यह पोस्टरों, सोशल मीडिया वीडियो और प्रदर्शनों में दिखाई देने लगा।
फ्रांस में छात्र प्रदर्शन क्यों कर रहे हैं?
इस नारे को समझने के लिए उसके पीछे चल रहे आंदोलन को भी समझना ज़रूरी है। छात्रों की प्रमुख शिकायतें हैं:
- स्कूलों में शिक्षकों की कमी और भीड़भरी कक्षाएँ।
- जर्जर स्कूल भवन और पढ़ाई के लिए बुनियादी सुविधाओं का अभाव।
- शिक्षा व्यवस्था में असमानता और युवाओं के भविष्य को लेकर चिंता।
- प्रदर्शनों के दौरान पुलिस की कार्रवाई और निगरानी को लेकर विवाद।
रिपोर्टों के मुताबिक, छात्रों की शिकायतों में लंबा स्कूल समय, जरूरत से ज्यादा विद्यार्थियों वाली कक्षाएं, खराब हालत में मौजूद स्कूल भवन और शिक्षकों की अनुपस्थिति जैसे मुद्दे शामिल हैं।
कई छात्रों का मानना है कि इन समस्याओं का असर कामकाजी और कम आय वाले परिवारों वाले इलाकों पर अधिक पड़ता है। इसी बीच, रहने के बढ़ते खर्च और व्यापक सामाजिक असंतोष से जुड़े विरोध भी आंदोलन के दायरे में आए।
ऐसे माहौल में यह नारा केवल एक वायरल मज़ाक बनकर नहीं रह गया। छात्रों ने इसका इस्तेमाल पुलिस की कथित घुसपैठ का मज़ाक उड़ाने और यह दिखाने के लिए किया कि उन्हें लगता है कि अधिकारी युवा संस्कृति और उनकी बोलचाल को ठीक से नहीं समझते।
यह भी पढ़ें: फ्रांस से भारत तक: लोकतंत्र में विरोध की जगह
फ्रांस से बाहर भी पहुँचा नारा
इस वाक्य की लोकप्रियता फ्रांस तक सीमित नहीं रही। बल्कि यह बेल्जियम और इटली में हुए प्रदर्शनों में भी दिखाई दिया। स्वीडिश जलवायु कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग ने भी फ्रांस में छात्रों के बीच इस नारे का इस्तेमाल किया। एक ऐसा नारा जिसका सीधा अर्थ लगभग कुछ भी नहीं, फिर भी वह छात्रों के विरोध की पहचान बन गया। इसकी लोकप्रियता दिखाती है कि आज के विरोध-प्रदर्शनों में इंटरनेट मीम, व्यंग्य और युवा संस्कृति किस तरह राजनीतिक असंतोष व्यक्त करने का माध्यम बन सकते हैं।
आखिरकार, ‘बिस्मिल्लाह, से ले तेनेब्र’ की कहानी केवल एक वायरल वाक्य की कहानी नहीं है। यह उस तरीके को भी सामने लाती है, जिसमें छात्र किसी संदिग्ध संदेश को व्यंग्य का रूप देकर अपनी नाराज़गी ज़ाहिर करते हैं।
