skip to Main Content

Cyclone Arnab: जानें इसका मतलब और कैसे होता है चक्रवातों का नामकरण

Cyclone Arnab

Cyclone Arnab: बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान Arnab (Cyclone Arnab) अब भारत के पूर्वी तट की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने इसके और शक्तिशाली होने की आशंका जताई है। इसके संभावित असर को देखते हुए आंध्र प्रदेश और ओडिशा में प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। 28 अक्टूबर को तट से टकराने के पूर्वानुमान और 140 किलोमीटर प्रति घंटे (87 mph) तक की संभावित हवा की रफ्तार ने इस तूफान को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

गौरतलब है कि बंगाल की खाड़ी दुनिया के उन प्रमुख क्षेत्रों में से एक है जहाँ उष्णकटिबंधीय चक्रवात आते हैं।

आंध्र प्रदेश और ओडिशा में अलर्ट

Cyclone Arnab: चक्रवात के कारण तटीय आंध्र प्रदेश और ओडिशा के कुछ हिस्सों में भारी से अत्यंत भारी बारिश की आशंका है। समुद्र में मौजूद मछुआरों को तट पर लौटने की सलाह दी गई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, आंध्र प्रदेश में लगभग साढ़े 5 लाख से ज़्यादा लोगों को संभावित जोखिम वाले समूह में चिह्नित कर निकासी की तैयारी की जा रही है। ओडिशा के कुछ ज़िलों में शैक्षणिक संस्थान बंद रखने तथा निचले इलाकों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी भी की गई है।

यह भी पढ़ें: Finland में बनेगा दुनिया का पहला Nuclear कचरा भंडार

Cyclone Arnab: नामकरण और मतलब

Cyclone Arnab को यह नाम बांग्लादेश द्वारा दिया गया है। यह नाम उष्णकटिबंधीय चक्रवातों (tropical cyclones) की उस आधिकारिक सूची में शामिल है, जिसे अप्रैल 2020 में विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) और एशिया-प्रशांत के लिए संयुक्त राष्ट्र आर्थिक और सामाजिक आयोग (ESCAP) के उष्णकटिबंधीय चक्रवात पैनल ने अपनाया था। इसे आम तौर पर बंगाली भाषा के उस शब्द से जोड़ा जाता है, जिसका अर्थ समुद्र या महासागर है। अर्नव या अर्नब संस्कृत के शब्द ‘अर्णव’ का देशज रूप है। इसका अर्थ समुद्र या महासागर, लहरें, वायु आदि होता है।

यह भी पढ़ें: Tort Law क्या है?

कैसे होता है समुद्री या चक्रवाती तूफान का नामकरण?

समुद्री या चक्रवाती तूफानों के नाम पहले से तय अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था द्वारा तय किये जाते हैं। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में आने वाले चक्रवातों के नाम क्षेत्रीय सूची में शामिल देशों द्वारा दिए जाते हैं। जिसकी ज़िम्मेदारी विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) और United Nations Economic and Social Commission for Asia and the Pacific  (ESCAP) से जुड़े Panel on Tropical Cyclones की व्यवस्था के तहत तय होती है।

इस पैनल में भारत, बांग्लादेश, पाकिस्तान, श्रीलंका, थाईलैंड, म्यांमार, ईरान, मालदीव, ओमान, क़तर, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और यमन समेत 13 देश शामिल हैं। प्रत्येक देश नामों की सूची देता है, जिन्हें निर्धारित क्रम में इस्तेमाल किया जाता है।

दुनिया भर में छह क्षेत्रीय विशिष्ट मौसम विज्ञान केंद्र (RSMC) और पांच क्षेत्रीय उष्णकटिबंधीय चक्रवात चेतावनी केंद्र (TCWC) हैं जो उष्णकटिबंधीय चक्रवातों के लिए परामर्श जारी करने और नामकरण करने के लिए स्‍थापित किए गए हैं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) उन छह RSMC में से एक है। RSMC नई दिल्ली, उत्तरी हिंद महासागर (जिसमें बंगाल की खाड़ी और अरब सागर शामिल हैं) में बनने वाले उन उष्णकटिबंधीय चक्रवातों का नाम रखने के लिये अधिकृत है। इसलिए जब उत्तरी हिंद महासागर में कोई चक्रवाती तूफान निर्धारित तीव्रता तक पहुंचता है, तो नई दिल्ली स्थित IMD, जो इस क्षेत्र का क्षेत्रीय विशेषीकृत मौसम विज्ञान केंद्र है, सूची के अनुसार उसे नाम देता है। इसके लिए अधिकतम निरंतर सतही हवा की रफ्तार कम-से-कम 34 नॉट यानी लगभग 63 किलोमीटर प्रति घंटा होनी चाहिए।

यह भी देखें: क्या है CKYC, कैसे जानें अपना CKYC

Cyclone Arnab: नामकरण का मुख्य उद्देश्य

नामकरण का मुख्य उद्देश्य तूफानों की पहचान आसान बनाना, मौसम संबंधी चेतावनियों में भ्रम कम करना और लोगों तक खतरे की जानकारी तेजी से पहुंचाना है। नाम छोटे, आसानी से बोले जाने वाले और किसी देश या समुदाय की भावनाओं को ठेस न पहुंचाने वाले होने चाहिए। उत्तरी हिंद महासागर क्षेत्र में इस्तेमाल हो चुका नाम दोबारा सूची में नहीं लौटता।

उष्णकटिबंधीय चक्रवातों का नामकरण नि‍म्‍नलिखित कार्यों में मदद करता है:

  •        प्रत्येक चक्रवात की अलग-अलग पहचान करने में।
  •       इसके विकास के बारे में जागरूकता पैदा करने में।
  •       किसी क्षेत्र पर चक्रवाती तूफ़ान की एक साथ आने की स्थिति में भ्रम को दूर करने में।
  •       चक्रवाती तूफ़ान को आसानी से याद रखने में।
  •       त्‍वरित और प्रभावी तौर पर व्यापक आबादी के बीच चेतावनी प्रसारित करने में।

यह भी पढ़ें: Riyadh Airport Reopens: हूती हमले के 15 दिन बाद खुला एयरपोर्ट

गौरतलब है कि WMO/ESCAP के ‘ट्रॉपिकल साइक्लोन पैनल’ ने वर्ष 2000 में ओमान के मस्कट में आयोजित अपने 27वें सत्र में, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में आने वाले उष्णकटिबंधीय चक्रवातों (tropical cyclones) का नामकरण करने पर सैद्धांतिक सहमति जताई। उत्तरी हिंद महासागर में उष्णकटिबंधीय चक्रवातों का नामकरण सितंबर 2004 से शुरू हुआ, जिसमें WMO/ESCAP PTC के तत्‍कालीन आठ सदस्य देशों: बांग्लादेश, भारत, मालदीव, म्यांमार, ओमान, पाकिस्तान, श्रीलंका और थाईलैंड द्वारा नाम प्रस्‍तावित किए गए थे। तब से, पाँच और देश ईरान, कतर, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और यमन इस पैनल में शामिल हो चुके हैं।

Back To Top