एक दूजे के हुए रणवीर और दीपिका
बॉलीवुड के मशहूर सितारे दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह 14 नवंबर, 2018 को शादी के पवित्र बंधन में बंध गए। दीप-वीर के नाम से सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहे दीपिका और रणवीर की शादी इटली के लेक कोमो पर बने शानदार विला में सम्पन्न हुई।
14 नवंबर को कोंकणी रस्मों से हुई शादी की थीम ‘सफ़ेद’ (White) रखी गई थी। इस शादी में विवाह स्थल को दीपिका की पसंद के सफ़ेद फूलों से सजाया गया था। कोंकणी शादी में दीपिका ने एक बेहद ख़ूबसूरत साड़ी पहनी थी। रणवीर पानी के रस्ते याट से बारात लेकर आये।
15 नवंबर को सिंधी रीति-रिवाज से दोनों ने दोबारा शादी रचाई जिसमें विला को रणवीर की पसंद के लाल फूलों से सजाया गया था। इस दिन की थीम ‘लाल’ (Red) थी। इसमें दूल्हा-दुल्हन ने लाल रंग के परिधान पहने थे।
शादी से पहले 13 नवंबर को मेहंदी कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें दीपिका और रणवीर दोनों ने मेहंदी लगाई। शादी के बाद नव-दंपति ने सोशल मीडिया पर अपनी कुछ तस्वीरें साझा कीं जो ख़ूब वायरल हुईं।
परिवार की ओर से दीपिका को ओढ़ाई गई चुनरी पर लिखा था – “सौभाग्यवती भवः”। इनकी इस बेहद ख़ूबसूरत साड़ी पर गोटा-पत्ती का वर्क था। दीपिका ने हाथ में कलीरें पहन रखी थीं। इस पारंपरिक परिधान में दीपिका बेहद ख़ूबसूरत लग रही थीं।
भारत वापस लौटकर दोनों ने यहाँ तीन रिसेप्शन दिए। 21 नवंबर को बेंगलुरु के आलीशान होटल ‘द लीला पैलेस’ में अपने करीबी रिश्तेदारों के लिए पहली रिसेप्शन पार्टी दी जिसमें खेल जगत, बिज़नेसमैन, दीपिका के परिवार वाले और ख़ास दोस्तु और टॉलीवुड की मशहूर हस्तियां शामिल हुईं। बेंगलुरु में रिसेप्शन देने के बाद दोनों मुंबई आये। यहां मुंबई में दो रिसेप्शन हुए।
मुंबई में दूसरा रिसेप्शनन बहुत ख़ास रहा जो सिर्फ भवनानी परिवार (रणवीर के परिवार) के सारे रिश्तेदार और कुछ क़रीबी दोस्तों के लिए ही आयोजित किया गया था। इस रिसेप्शन पार्टी में दीपिका-रणवीर की यह ख़ूबसूरत जोड़ी सफेद और गोल्डन रंग के लिबास में मैचिंग डिजाइनर ड्रेस पहने हुए काफी रॉयल लग रही थी।
30 नवंबर को दीपिका और रणवीर सिद्धिविनायक मंदिर गणपति दर्शन के लिए गए।
1 दिसंबर को मुंबई के ‘ग्रैंड हयात’ होटल में हुई तीसरी रिसेप्शन पार्टी में अमिताभ बच्चन, एमएस धोनी सहित बॉलीवुड और बिज़नेस इंडस्ट्री की दिग्गज हस्तियां शामिल हुईं। इन्होंने रणवीर और दीपिका के साथ डीजे पर जमकर डांम भी किया। शाहरुख़ ख़ान से लेकर करीना कपूर ही नहीं बल्कि बीते ज़माने की अभिनेत्री रेखा, हेमा मालिनी और आशा पारेख सहित बॉलीवुड की तमाम हस्तियां इस ख़ास मौके पर मौजूद थीं। बोनी कपूर भी अपनी तीनों बेटियों अंशुला कपूर, जाह्नवी कपूर और ख़ुशी कपूर के साथ सबके आकर्षण का केंद्र रहे। रिलायंस के चेयरपर्सन मुकेश अंबानी भी पत्नी और परिवार के साथ पार्टी में पहुंचे। अंबानी परिवार ने रिसेप्शन पार्टी में एक साथ तस्वीरें खिंचवाईं।
इस पार्टी में रणवीर ब्लैक सूट में थे तो दीपिका ने लाल रंग की लॉन्ग ड्रेस पहनी थी जिसमें दोनों बेहद अच्छे लग रहे थे।
बता दें कि दीपिका और रणवीर संजय लीला भंसाली की तीन फ़िल्मों ‘रामलीला: गोलियों की रास लीला’, ‘बाजीराव मस्तानी’ और ‘पद्मावत’ में एक साथ नज़र आ चुके हैं। ये तीनों ही फ़िल्में सुपरहिट रही हैं।
विदित हो कि इटली को एक रोमांटिक प्लेस माना जाता है। दिसंबर 2017 में अनुष्का शर्मा और विराट कोहली ने इटली के टस्कनी स्थित बोर्गो फिनोशीतो (Borgo Finocchieto) में शादी की थी।