skip to Main Content

प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस विवाह बंधन में बंधे

बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस 2 दिसंबर, 2018 को जोधपुर के उमेद भवन में परंपरागत हिंदू रीति-रिवाज से विवाह बंधन में बंध गए। दोनों ने 1 दिसंबर, 2018 को यहाँ ईसाई रीति-रिवाज से शादी की थी। ईसाई रिवाजों से शादी के दौरान दोनों ने राल्फ लॉरेन द्वारा डिज़ाइन किये हुए वस्त्र पहने थे जबकि हिंदू रीति से विवाह के दौरान प्रियंका ने लाल रंग की साड़ी पहनी थी और निक परंपरागत परिधान व पगड़ी पहने हुए थे। शादी की सारी रस्में राजस्थान के जोधपुर स्थित उमेद भवन पैलेस होटल में की गईं।

शादी में बॉलीवुड की जानी-मानी हस्तियों के अलावा दिग्गज उद्योगपति मुकेश अंबानी और उनकी पत्नी नीता अम्बानी भी शामिल हुए।

मेहंदी और संगीत कार्यक्रमों में प्रियंका और निक ने अबु जानी व संदीप खोसला के डिज़ाइन किए हुए परिधान पहने थे। संगीत कार्यक्रम में निक जोनस और प्रियंका चोपड़ा के साथ सभी मेहमानों ने भरपूर मस्ती की। इसमें निक जोनस की स्टेज पर एकदम बॉलीवुड अंदाज़ में डांस करने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर ख़ूब वायरल हुईं। विवाह समारोह में मीडिया को प्रवेश की इजाज़त नहीं थी। बाद में मीडिया को मेहंदी तथा संगीत कार्यक्रमों की कुछ तस्वीरें उपलब्ध कराई गईं।

हिंदू रीति से विवाह से पहले पारंपरिक ‘चूड़ा’ और ‘हल्दी’ की रस्में अदा की गईं। निक हिन्दू रिवाज के अनुसार घोड़ी चढ़े और बारात लेकर आये।

विवाह समारोह में निक के माता-पिता डेनिस और पॉल केविन जोनस सीनियर, भाई केविन जोनस, जो जोनस और फ्रेंकी जोनस तथा केविन जोनस की पत्नी डेनियेल और जो जोनस की मंगेतर सोफी टर्नर मौजूद रहे। जबकि दुल्हन पक्ष की ओर से उनकी मां मधु चोपड़ा, भाई सिद्धार्थ, बहन परिणिति तथा मनारा सहित परिवार के अन्य सदस्य व करीबी मित्र मौजूद थे।

बता दें कि अगस्त 2018 में प्रियंका और निक ने पारंपरिक पंजाबी तरीक़े से ‘रोका रस्म’ कर सगाई की थी। 26 वर्षीय निक अमेरिकी गायक, अभिनेता और रिकॉर्ड प्रोड्यूसर हैं। वर्ष 2000 में मिस वर्ल्ड का ख़िताब जीतने वाली 36 वर्षीया प्रियंका चोपड़ा को वर्ष 2016 में पद्म श्री से नवाज़ा गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top