‘बोइंग 737 मैक्स 8’ विमानों की उड़ान पर भारत सहित 45 देशों में लगी रोक
इथोपियन एयरलाइंस के एक विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद 12 मार्च, 2019 को भारत ने “बोइंग 737 मैक्स 8” विमानों की उड़ानों पर रोक लगा दी। विश्व के लगभग 45 देशों द्वारा भी इस तरह का कदम उठाया गया है जिसके चलते विश्वभर में अब तक 40% बोइंग 737 मैक्स विमान खड़े कर दिए गए हैं।
नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) द्वारा बोइंग 737-मैक्स विमानों के उड़ान भरने पर फौरन प्रतिबंध लगा दिया गया है।
विदित हो कि इथोपियन एयरलाइंस का बोइंग 737 मैक्स 8 विमान 10 मार्च, 2019 को इथोपिया के अदीस अबाबा के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें चार भारतीय समेत विमान में सवार सभी 157 लोगों की मौत हो गई थी। बीते करीब पांच महीने में बोइंग 737 मैक्स 8 विमान दूसरी बार हादसे का शिकार हुआ है। इससे पहले अक्टूबर 2018 में भी लायन एयरलाइन का इसी सीरीज़ एक विमान इंडोनेशिया में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें 180 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी।
भारत में स्पाइस जेट के पास करीब 12 ऐसे विमान हैं, जबकि जेट एयरवेज़ के पास ऐसे पांच विमान हैं। नागर विमानन मंत्रालय ने ट्विटर के जरिये कहा कि डीजीसीए ने बोइंग 737-मैक्स विमानों के उड़ान भरने पर फौरन प्रतिबंध लगा दिया है। ये विमान तब तक उड़ान नहीं भरेंगे, जब तक कि सुरक्षित परिचालन के लिए उपयुक्त सुधार एवं सुरक्षा उपाय नहीं कर लिए जाते।
“बोइंग 737 मैक्स 8” पर वैश्विक प्रतिबंध:
- इस विमान के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाने वाला पहला देश नीदरलैंड्स है।
- ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी ने भी इस विमान के उड़ान भरने पर रोक लगा दी है।
- इसके अतिरिक्त यूरोपीय संघ और कई देशों ने अपने-अपने हवाई क्षेत्र में 737 मैक्स 8 के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया है।
- यूरोपीय देश नॉर्वे की एयर शटल एयरलाइन, दक्षिण कोरिया की ईस्टर जेट, दक्षिण अफ्रीका की कॉमैर ने भी इन विमानों से परिचालन नहीं करने का ऐलान किया है।
- सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया, मलेशिया, अर्जेंटीना और ओमान जैसे देशों ने भी इसके परिचालन पर प्रतिबंध लगा दिया है।
- चीन ने घरेलू एयरलाइनों को विमान हादसे के तुरंत बाद इस विमान का परिचालन रोकने का आदेश दिया। इंडोनेशिया ने भी ऐसा ही निर्णय लिया है।
- तुर्की की एयरलाइन ने भी स्पष्टताएं आने तक इन विमानों का परिचालन नहीं करने की घोषणा की है।
“बोइंग 737 मैक्स 8” श्रेणी विमान:
बोइंग 737 मैक्स 8 आधुनिक श्रेणी का श्रेष्ठ हवाई जहाज माना जाता है। बोइंग 737 मैक्स 8 में अन्य हवाई जहाजों की तुलना में अलग किस्म का सॉफ्टवेयर लगा हुआ है जोकि अब संदेहास्पद बन गया है। इसका इंजन पिछले विमानों की तुलना में अधिक बड़ा है तथा इसमें अन्य बोइंग विमानों की तुलना में ईंधन की खपत भी कम होती है।