skip to Main Content

विनेश फोगाट-बजरंग पुनिया को खेल रत्न देने की सिफारिश

रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (डब्‍ल्‍यूएफआई) द्वारा 29 अप्रैल, 2019 को राजीव गांधी खेल रत्‍न अवॉर्ड के लिए भारतीय पहलवान बजरंग पुनिया और विनेश फोगाट के नाम की सिफारिश की गई है।

विनेश और बजरंग ने कई पदक जीतकर भारत का नाम रौशन किया है। पिछले साल एशियाई खेलों में दोनों ने अपने-अपने वर्ग में स्वर्ण पदक जीता था। विनेश फोगाट को एशियाई खेलों में कुश्‍ती का स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बनने का गौरव हासिल है।

इनके अलावा भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) ने हिना सिद्धू और अंकुर मित्तल को खेल रत्न देने की सिफारिश की है। पिछले चार सालों के प्रदर्शन के आधार पर इन खिलाड़ियों के नामों की सिफारिश की गई है। खेल मंत्री इन सभी नामों की समीक्षा करेंगे और उनके प्रदर्शन का आकलन किया जाएगा।

ग़ौरतलब है कि हर साल महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन पर 29 सितंबर को खेल पुरस्कार प्रदान किये जाते हैं। भीम सिंह और जय प्रकाश के नाम की सिफारिश ध्‍यानचंद अवॉर्ड के लिए की गई है।

अर्जुन अवॉर्ड के लिए:

  • खेल में उत्‍कृष्‍ट योगदान देने के लिए प्रदान किये जाने वाले इस अवॉर्ड के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड द्वारा इस बार चार भारतीय क्रिकेटरों पूनम यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी और रवींद्र जडेजा के नामों की सिफारिश की गई है।
  • इसके अलावा भारतीय कुश्ती संघ ने राहुल अवारे, हरप्रीत सिंह, दिव्या काकरण और पूजा ढांडा के नाम भी अर्जुन पुरस्कार के लिए भेजे गए हैं। दिव्‍या काकरण, पूजा ढांडा और राहुल अवारे ने पिछले साल एशियाई खेलों और कॉमनवेल्‍थ गेम्‍स में मेडल जीते थे।
  • ध्यातव्य है कि अर्जुन अवॉर्ड की शुरुआत वर्ष 1961 में की गई थी।

द्रोणाचार्य अवॉर्ड के लिए:

  • द्रोणाचार्य अवॉर्ड के लिए वीरेंदर कुमार, सुजीत मान, नरेंद्र कुमार और विक्रम कुमार के नामों की सिफारिश की गई है।
  • यह पुरस्कार आधिकारिक तौर पर खेल और खेलों में उत्कृष्ट कोच के लिए प्रदान किया जाने वाला पुरस्कार है।

राजीव गांधी खेल रत्न:

  • राजीव गांधी खेल रत्न भारत में दिया जाने वाला सबसे बड़ा खेल पुरस्कार है।
  • भारत के भूतपूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के नाम पर रखे गए इस पुरस्कार के तहत एक पदक, एक प्रशस्ति पत्र और 7.5 लाख रुपए पुरुस्कार स्वरूप प्रदान किये जाते हैं।
  • सभी खेलों के बोर्ड द्वारा अपनी तरफ से इन पुरस्कारों के लिए खिलाड़ियों के नाम की सिफारिश की जाती है, जिसके बाद खेल मंत्रालय इस पर फैसला लेता है।
  • खेल पुरस्कारों के विजेताओं को भारत सरकार द्वारा रेलवे की मुफ्त पास सुविधा प्रदान की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top