इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता से परिवर्तित करने की योजना
हाल ही में इंडोनेशिया की सरकार देश की राजधानी जकार्ता से हटकर नई राजधानी बनाने के लिए विचार कर रही है। राष्ट्रपति जोको विडोडो द्वारा इस सन्दर्भ में विभिन्न योजनाओं पर विचार किया गया है। विडोडो ने मंत्रिमंडल की एक विशेष बैठक में देश के सर्वाधिक आबादी वाले द्वीप जावा से राजधानी को बाहर ले जाने के बारे में फैसला किया है।
यद्यपि नई संभावित राजधानी की घोषणा अभी नहीं की गई है किन्तु बोर्नियो द्वीप स्थित पलानकोराया के नई राजधानी बनने की संभावना व्यक्त की जा रही है। बोर्नियो द्वीप पर स्थित पलानकोराया सेंट्रल कालिमैनटन के उत्तर-पूर्व में कुछ सौ किमी की दूरी पर है।
इसे भी पढ़ें: भारत से राजनयिक संबंधों के 70 साल पर इंडोनेशिया ने रामायण थीम पर जारी किया विशेष डाक टिकट
राजधानी बदलने के कई कारण?
जकार्ता में बढ़ रहे जनसंख्या के दबाव के कारण यहां संसाधनों पर भी दबाव बढ़ रहा है। इसके अतिरिक्त, जकार्ता में ट्रैफिक भी तेज़ी से बढ़ रहा है। इस बढ़ते जनसंख्या दबाव को भी देश की राजधानी बदलने का एक मुख्य कारण माना जा रहा है।
समुद्री किनारों से घिरे इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में 13 नदियां मौजूद हैं। समुद्र के बढ़ते जलस्तर के कारण इसके डूबने का ख़तरा भी बढ़ गया है।
शोधकर्ताओं के मुताबिक, उत्तरी जकार्ता हर साल औसतन 1-15 सेंटीमीटर डूबता जा रहा है। और जकार्ता का एक बड़ा हिस्सा वर्ष 2050 तक डूबने की भी आशंका शोधकर्ताओं ने जताई है।
इसे भी पढ़ें: फिनलैंड में आम चुनावों में वामपंथी सोशल डेमोक्रेट्स पार्टी की जीत
दरअसल इस सन्दर्भ में तीन विकल्पों को विचारस्वरूप रखा गया है। पहला विकल्प जकार्ता को राजधानी के रूप में रखना था लेकिन दक्षता में सुधार के लिए राष्ट्रपति महल और राष्ट्रीय स्मारक के आसपास एक नया सरकारी कार्यालय स्थापित करना था। दूसरा विकल्प है, जकार्ता के बाहर 50 से 70 किलोमीटर की दूरी पर स्थित एक नई राजधानी स्थापित करना। तीसरा विकल्प था किसी द्वीप पर नये सिरे से राजधानी बना दिया जाना। देश के योजना मंत्री बमबैंग के अनुसार पहले दो विकल्प जकार्ता में बढ़ रहे जनसंख्या के दबाव को कम करने में असमर्थ हैं।
जकार्ता के बारे में:
जकार्ता इंडोनेशिया की राजधानी है और देश का सबसे बड़ा शहर है। यह जावा के उत्तर-पश्चिमी तट पर स्थित है। कई उपक्षेत्रों में विभाजित जकार्ता में महापौर के स्थान पर राज्यपाल होता है। नेशनल म्यूज़ियम ऑफ़ इंडोनेशिया जकार्ता में ही स्थित है।

