skip to Main Content

सफाई अभियान में माउंट एवरेस्ट से करीब 3,000 किग्रा ठोस कचरा हटाया गया

विश्व की सबसे ऊंची चोटी को साफ़ करने के उद्देश्य से नेपाल में सफाई अभियान के तहत माउंट एवरेस्ट से करीब 3,000 किलोग्राम ठोस कचरा हटाया गया है। नेपाल सरकार द्वारा 45 दिन के इस अभियान की शुरुआत 14 अप्रैल, 2019 को नेपाली नववर्ष के दिन की गई थी। इसका लक्ष्य विश्व की इस सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट से लगभग 10,000 किलोग्राम कचरे को हटाना है जोकि कूड़ेदान में तब्दील होती जा रही है।

 

माउंट एवेरस्ट सफाई अभियान में नागरिक उड्डयन, पर्यटन व संस्कृति मंत्रालय, नेपाल की सेना, पर्यावरण मंत्रालय, नेपाल पर्वतारोहण एसोसिएशन, सागरमाथा प्रदूषण नियंत्रण समिति और नेपाल पर्यटन बोर्ड का सहयोग लिया जा रहा है। जबकि इसका नेतृत्व सोलुखुंबु ज़िले के खुम्बु पासाडल्हामु नगर निकाय द्वारा किया जा रहा है।

 

नेपाल सरकार के मुताबिक़, अब तक एकत्र किए गए 3,000 किलोग्राम कचरे में से 2,000 किलोग्राम कचरा निस्तारण के लिए ओखलधुंगा भेजा गया है, जबकि बाक़ी 1,000 किलोग्राम कचरा सेना के हेलिकॉप्टरों के ज़रिए काठमांडू लाया गया।

 

एकत्र किये गए कूड़े में प्लास्टिक, बीयर की बोतलों, कॉस्मेटिक के कवर जैसी चीजें शामिल हैं। यह सारा कूड़ा काठमांडू लाकर विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को लोगों को दिखाया जाएगा और फिर इसका निस्तारण किया जाएगा।

 

इसे भी पढ़ें: कोलंबो बम धमाके के बाद श्रीलंका ने लगाई हिजाब पहनने पर पाबंदी

 

इस अभियान के तहत 5 हज़ार किलो कूड़ा बेस कैंप एरिया से एकत्र होना है, जबकि 2 हज़ार किलो दक्षिणी क्षेत्र और 3 हज़ार किलो कैंप2, कैंप3 एरिया से इकट्ठा किया जाना है। ग़ौरतलब है कि यह कूड़ा या तो पर्वतारोही एवरेस्ट पर पहुंचा रहे हैं, या फिर ऊंचे क्षेत्रों में काम करने वाले कुली। समय-समय पर शेरपा भी एवरेस्ट का भ्रमण करते हैं, उनसे भी कूड़ा वहां पहुंच रहा है।

विदित हो कि एवरेस्ट पर बढ़ते कूड़े की समस्या से निपटने के लिए सरकार द्वारा वर्ष 2014 में एक कानून बनाया गया था जिसके मुताबिक़, जो भी पर्वतारोही एवरेस्ट पर जाएगा, वह नीचे आते समय कम से कम आठ किलोग्राम ठोस कचरा यानि सॉलिड वेस्ट अपने साथ लेकर आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top