एडीबी ने जारी की ‘एशियाई विकास आउटलुक-2019’
एशियाई विकास बैंक (एडीबी) द्वारा हाल ही में एशियाई विकास आउटलुक-2019 प्रकाशित किया गया। एशियाई विकास आउटलुक-2019 में एशियाई विकास बैंक (ADB) ने वित्तीय वर्ष 2019-20 के लिये भारत की अनुमानित सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) को 7.6 फ़ीसदी से घटाकर 7.2 फ़ीसदी कर दिया है। इसका मुख्य कारण भारत में निवेश की रफ़्तार का लगातार धीमा होना है। इससे पहले एडीबी ने वित्त वर्ष 2019-20 में भारतीय अर्थव्यवस्था में 7.6 फीसदी की बढ़त होने का अनुमान व्यक्त किया था।
रिपोर्ट से संबंधित मुख्य बिंदु:
- इससे पूर्व वित्तीय वर्ष 2017 में वृद्धि दर 7.2 प्रतिशत थी जो कमज़ोर कृषि उत्पादन और खपत में वृद्धि, सरकारी खर्चों में कमी के साथ वैश्विक तेल की कीमतों में कमी के कारण 2018 में घटकर 7 प्रतिशत पर पहुँच गई।
- अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) और भारतीय रिज़र्व बैंक (आरबीआई) द्वारा पहले क्रमशः 7.5 प्रतिशत और 7.4 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान लगाया था।
- वित्त वर्ष 2020-21 में भारतीय अर्थव्यवस्था की विकास दर 7.3 फ़ीसदी रहने का अनुमान है।
- इस सबके बावजूद भारत सबसे तेज़ी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बना रहेगा। क्योंकि चीन की वृद्धि दर वर्ष 2019 में 6.3 फ़ीसदी रहने का अनुमान है।
- पाकिस्तान की वृद्धि दर वित्त वर्ष 2018 में 5.2 प्रतिशत से गिरकर साल 2019 में 3.9 प्रतिशत पर आ जाने का अनुमान है।
एशियाई विकास बैंक (एडीबी):
एडीबी एक क्षेत्रीय विकास बैंक है जिसकी स्थापना 19 दिसम्बर, 1966 को एशियाई देशों के आर्थिक विकास के सुगमीकरण के लिए की गई थी। इसका मुख्यालय मनीला (फिलीपींस) में है। एडीबी के कुल 67 सदस्य हैं, जिनमें से 48 एशिया और प्रशांत क्षेत्र जबकि बाकी 19 अन्य क्षेत्र के हैं। इस बैंक का मुख्य उद्देश्य एशिया में सामाजिक और आर्थिक विकास को बढ़ावा देना है। इस बैंक के शेयरों का सबसे बड़ा अनुपात जापान का है।

