सुल्तान अब्दुल्लाह मलेशिया के नए राजा बने
मलेशिया में 24 जनवरी, 2019 को पहंग स्टेट के सुल्तान अब्दुल्लाह देश के नए राजा घोषित किये गए हैं। शाही परिवार द्वारा इन्हें सुल्तान मुहम्मद पंचम के स्थान पर आगामी पांच वर्षों के लिए देश का नया रजा चुना गया है। 59 वर्षीय सुल्तान अब्दुल्ला मलेशिया के 16वें Yang di-Pertuan Agong (राजा) हैं। इनका कार्यकाल 31 जनवरी, 2019 से शुरू होगा।
सुल्तान मुहम्मद पंचम ने पिछले माह पूर्व मिस रूस से कथित शादी करने की ख़बरों के चलते सिंहासन त्याग दिया था। इसी के बाद से नए राजा की तलाश की जा रही थी।
खेलों में रुचि रखने वाले सुल्तान अब्दुल्लाह अंतर्राष्ट्रीय फुटबॉल संघ ‘फीफा’ और एशियाई हॉकी एसोसि-एशन सहित कई खेल संगठनों से जुड़े हैं।
ध्यातव्य है कि मलेशिया के संवैधानिक राजतंत्र में हर पांच वर्ष बाद नए राजा के चुनने की व्यवस्था है जिसके तहत देश के नौ राज्यों के शासकों को बारी-बारी से राजगद्दी पर बैठने का मौका मिलता है। सुल्तान अब्दुल्लाह देश के पहंग राज्य के सुल्तान हैं।
शाही सूचना के अनुसार, पेरक (Perak) स्टेट के सुल्तान नाज़रीन शाह को देश का उप-राजा (Deputy King) नियुक्त किया गया है।