टाइम्स स्क्वायर पर हज़ारों लोगों ने पगड़ी बांध कर मनाया टर्बन डे
न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर में सालाना पगड़ी दिवस (Turban Day) के मौके पर 13 अप्रैल, 2019 को सिख समुदाय के सदस्यों ने न्यूयॉर्क वासियों एवं पर्यटकों को पगड़ी बांधी। इस मौक़े पर सिख समुदाय के साथ दुनियाभर से पहुंचे क़रीब 40 हज़ार लोगों ने पगड़ी बांध कर जश्न मनाया। पूरा टाइम्स स्क्वायर सिख संस्कृति के रंगों एवं परंपरा से सराबोर हो गया।
मुख्य बिंदु:
- इस दिवस का मुख्य उद्देश्य सिख समुदाय और संस्कृति की पहचान के बारे में जागरुकता फैलाना है।
- आयोजकों द्वारा इस दिवस पर विश्व रिकॉर्ड बनाये जाने का दावा किया गया है।
- आयोजकों के अनुसार, पिछले साल क़रीब आठ घंटे में 3010 लोगों ने पगड़ी बांधी थी जबकि इस बार केवल पांच घंटे में चालीस हज़ार लोगों ने पगड़ी बंधवाई।
- अमेरिका में सिख संगठन, ‘द सिख्स ऑफ न्यूयॉर्क’ द्वारा न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्य दूतावास के साथ मिलकर 13 अप्रैल, 2019 को इस वार्षिक पगड़ी दिवस का आयोजन किया गया।
- इस साल पगड़ी दिवस को बैसाखी और गुरु नानक देव की 550वीं जयंती वर्ष के साथ मनाया गया।
- ग़ौरतलब है कि ख़ालसा जन्म दिवस यानी वैसाखी के मौके पर दुनियाभर में आयोजन किए जाते हैं। टर्बन डे इनमें ख़ास आयोजन रहा।
विदित हो कि 13 अप्रैल, 1699 को दसवें गुरु गोविंद सिंह जी ने ख़ालसा पंथ की स्थापना की थी। जिसका लक्ष्य सामाजिक भेदभाव को दूर करते हुए धर्म और नेकी के लिए सदैव तत्पर रहना है। यह सिखों का एक बड़ा त्योहार है।