skip to Main Content

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय का “6ठा महिला जैविक उत्सव” चंडीगढ़ में सम्पन्न

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा चंडीगढ़ स्थित लेज़र वैली में आयोजित तीन दिवसीय ‘6ठे भारतीय महिला जैविक उत्सव’ का 14 जनवरी, 2019 को समापन हुआ। इस उत्सव का शुभांरभ 12 जनवरी, 2019 को किया गया था। इस आयोजन का उद्देश्य देशभर के दूर-दराज़ के क्षेत्रों से जैविक क्षेत्र में कार्यरत महिला किसानों और उद्यमियों को बढ़ावा देना था। महिला एवं बाल विकास विभाग, चंडीगढ़ के सचिव बी.एल.शर्मा तथा केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की संयुक्त सचिव अनुराधा चगती ने इस उत्सव का उद्घाटन किया था।

इस अवसर पर मेनका गांधी ने राष्ट्रीय जन सहयोग और बाल विकास संस्थान (एनआईपीसीसीडी) मोहाली के क्षेत्रीय केंद्र का उद्घाटन भी किया।

उत्सव के समापन समारोह के अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका संजय गांधी ने कहा कि महिला जैविक उत्सव का आयोजन 2015 से हर साल नई दिल्ली में होता रहा है और इस बार महिला किसानों और उद्यमियों के विभिन्न उत्पादों को सामने लाने के लिए चंडीगढ़ में इसका आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि इससे जहां महिलाओं को वित्तीय समावेशन के ज़रिये सशक्त किया जाएगा वहीं भारत में जैविक खेती को बढ़ावा भी मिलेगा। साथ ही उन्होंने बेहतर, स्वस्थ और पर्यावरण के अनुकूल जीवन शैली के लिए देशभर में जैविक खेती को बढ़ावा देने की ज़रूरत पर भी बल दिया।

तीन दिनों के इस उत्सव में देश के विभिन्न भागों से आई 200 से अधिक महिला किसानों और उद्यमियों द्वारा फूड कोर्ट में 15 फूड स्टालों के अलावा विभिन्न कृषि और जैविक उत्पादों के लिए 72 स्टाल लगाए गए थे।

‘भारतीय महिला जैविक उत्सव’ का अगला संस्करण हैदराबाद में आयोजित किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top