skip to Main Content

मुकेश अंबानी बने दुनिया के 13वें सबसे अमीर इन्सान: फोर्ब्स सूची

भारत के दिग्गज उद्योगपति मुकेश अंबानी दुनिया के 13वें सबसे अमीर शख़्स बन गए हैं। फ़ोर्ब्स ने मार्च 2019 में अपनी सबसे अमीर लोगों की सूची जारी की। इसके अनुसार दुनिया के सबसे अमीर आदमियों की इस सूची में मुकेश अंबानी छह पायदान ऊपर पहुंच गए हैं। लिस्ट में वे 13वें स्थान पर हैं।

इनकी नेटवर्थ अब 50 अरब डॉलर (3.52 लाख करोड़ रुपए) हो गई है जोकि वर्ष 2018 में 40.1 अरब डॉलर (2.83 लाख करोड़ रुपए) थी। अमेज़न के संस्थापक जेफ़ बेज़ोस लिस्ट में शीर्ष स्थान पर क़ाबिज़ रहे।

वर्ष 2018 में मुकेश अंबानी इस लिस्ट में 19वें स्थान पर थे जबकि वर्ष 2017 में उनका 33वां स्थान था।

दूसरी ओर मुकेश अंबानी के छोटे भाई और रिलायंस कम्युनिकेशंस के मालिक अनिल अंबानी शीर्ष हज़ार अरबपतियों की सूची में 1,349वें स्थान पर रखे गए हैं।

काइली जेनर बनीं सबसे युवा अरबपति:

21 वर्षीय अमेरिकी टीवी शख्सियत काइली जेनर दुनिया की सबसे युवा अरबपति बन गई हैं। काइली 900 मिलियन डॉलर की कंपनी काइली कॉस्मेटिक्स की मालिक हैं. उन्होंने वर्ष 2016 में यह कंपनी खोली थी। इस मामले में काइली ने मार्क ज़करबर्ग को पीछे छोड़ दिया है। ज़करबर्ग ने 23 साल की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी।

सूची-2019 के अनुसार:

  • जेफ़ बेज़ोस 131 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति हैं।
  • बिल गेट्स 96.6 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ दूसरे नंबर पर और वॉरेन बफ़े 82.5 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
  • फ़ेसबुक के संस्थापक मार्क ज़करबर्ग (62.3 बिलियन डॉलर) तीन स्थान नीचे खिसककर 8वें स्थान पर आ गए हैं।
  • 76 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ फ्रांस की लग्ज़री सामान बनाने वाली कंपनी LVMH के मालिक बर्नार्ड आर्नोल्ड चौथे स्थान पर हैं।
  • लैटिन अमरीका की सबसे बड़ी मोबाइल कंपनी ‘अमेरिका मोविल’ के मालिक कार्लोस स्लिम हेलू पांचवें स्थान पर हैं। इनकी संपत्ति 64 बिलियन डॉलर है। ये मैक्सिको के सबसे अमीर व्यक्ति भी हैं।
  • सूची में ज़ारा फैशन चेन से प्रसिद्ध 82 वर्षीय अमानसियो ऑरटेगा (62.7 बिलियन डॉलर) छठे स्थान पर, ओरेकल के सह-संस्थापक लैरी इलिसन (62.5 बिलियन डॉलर) सातवें स्थान पर हैं।
  • न्यूयॉर्क के पूर्व मेयर माइकल ब्लूमबर्ग 55.5 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ दो स्थान ऊपर चढ़कर 9वें स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं, गूगल के सीईओ रहे लैरी पेज (50.8 बिलियन डॉलर) 10वें नंबर पर हैं।

सूची में महिलाओं की स्थिति:

  • शीर्ष 20 अरबपतियों की सूची में इस बार केवल दो महिलाएं लोरियल की फ्रैंकोइस बेटनकोर्ट और क्रिस्टल ब्रिजेस म्यूज़ियम ऑफ़ अमेरिकन आर्ट की एलिस वॉल्टन ही शामिल हैं। विदित हो कि फ्रैंकोइस बेटनकोर्ट फ्रांसिसी कॉस्मेटिक कंपनी लॉरियल की उत्तराधिकारी हैं जबकि एलिस वॉल्टन अमेरिकी सुपरमार्केट वॉलमार्ट के संस्थापक सैम वॉल्टन की इकलौती बेटी हैं।
  • गत दस वर्षों में विश्वभर में महिला अरबपतियों की संख्या में 167 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। वर्ष 2010 में महिला अरबपतियों की कुल संख्या 91 थी जो वर्ष 2019 में बढ़कर 243 हो गई है।
  • भारतीय महिलाओं में बायोकॉन की संस्थापक किरन मजूमदार शॉ शीर्ष हज़ार में 617वें स्थान पर जगह बनाने में सफ़ल रहीं।

2019 की सूची में भारतीय अरबपति:

  • भारतीय अरबपतियों की सूची में विप्रो के चेयरमैन अज़ीम प्रेमजी 22.6 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ 36वें स्थान पर हैं।
  • एचसीएल टेक्नोलॉजीज़ के सह-संस्थापक शिव नादर 82वें जबकि आर्सेलरमित्तल के मालिक लक्ष्मी मित्तल 91वें स्थान पर हैं।
  • सूची में आदित्य बिड़ला ग्रुप के अध्यक्ष कुमार मंगलम बिड़ला को 122वां, अडानी समूह के गौतम अडानी को 167वां और भारती एयरटेल के चेयरमैन सुनील मित्तल को 244वां स्थान मिला है।
  • पतंजलि आयुर्वेद के सह-संस्थापक आचार्य बालकृष्ण 365वें, पीरामल एंटरप्राइजेज़ के अध्यक्ष अजय पीरामल 436वें और इंफोसिस के सह-संस्थापक नारायण मूर्ति 962वें नंबर पर जगह बनाने में कामयाब रहे।

विदित हो कि वर्ष 2019 की इस सूची में 2153 अरबपति हैं। क्षेत्रीय आधार पर एशिया-पेसेफिक क्षेत्र से केवल 60 नाम ही इस सूची में दर्ज हुए हैं। सूची में सबसे ज़्यादा 609 अरबपति अमेरिका से हैं। इस साल अरबपतियों की कुल संपति 8,700 अरब डॉलर रही जो 2018 में 9,100 अरब डॉलर थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top