क्रोएशिया के इगोर स्टिमैक भारतीय फुटबॉल टीम के कोच बने
क्रोएशिया के पूर्व अंतर्राष्ट्रीय फुटबॉलर इगोर स्टिमैक (Igor Štimac) को हाल ही में भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम का कोच नियुक्त किया गया है। इस पद हेतु इन्होंने स्टीफन कॉन्सटेन्टाइन का स्थान लिया है। स्टिमैक इससे पहले क्रोएशिया को 15 महीने कोचिंग दे चुके हैं।
मुख्य बिंदु:
- अखिल भारतीय फुटबॉल संघ (एआईएफएफ) ने उनके साथ दो साल का अनुबंध किया है।
- हाल ही में उनके नाम की एआईएफएफ की तकनीकी समिति द्वारा की गई थी। श्याम थापा इस समिति के प्रमुख हैं।
- स्टिमैक के अलावा अलबर्ट रोसा, ली मिंग-सुंग और हकन एरिक्सन कोच पद के दावेदार थे। एआईएफएफ ने स्टिमैक की रिसर्च से प्रभावित होकर उन्हें कोच बनाने का निर्णय लिया।
- भारतीय फुटबॉल टीम के साथ स्टिमैक का पहला असाइनमेंट थाईलैंड में किंग्स कप 2019 होगा, इस मैच में भारत कैरिबियन देश कुराकाओ के साथ अपना पहला मैच खेलेगा।
इगोर स्टिमैक (Igor Štimac) के बारे में:
51 साल के स्टिमैक जुलाई 2012 से अक्टूबर 2013 तक क्रोएशिया के राष्ट्रीय टीम के मैनेजर रह चुके हैं। ये 1998 फीफा विश्व कप में तीसरा स्थान प्राप्त करने वाली क्रोएशिया टीम का हिस्सा थे। स्टिमैक ने क्रोएशिया के लिए 53 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेले हैं। वे डिफेंडर के रूप में खेलते थे। इनके कार्यकाल में क्रोएशिया विश्व फुटबॉल रैंकिंग में चौथे स्थान पर पहुंचा था। यह पिछले 15 वर्षों में क्रोएशिया की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग थी। इसके अतिरिक्त इन्होंने सिबलिया विन्कोव्ची, हाज्दुक स्प्लिट, एफ. सी. ज़ाग्रेब, अल शाहनिया तथा सेपाहान जैसे फुटबॉल क्लब के साथ भी काम किया है।