skip to Main Content

अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने भाजपा छोड़ कांग्रेस का थामा हाथ

बॉलिवुड के मशहूर अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा 06 अप्रैल, 2019 को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थापना दिवस पर औपचारिक रूप से कांग्रेस में शामिल हो गए। कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल गांधी ने उन्हें कांग्रेस की सदस्यता दिलाई। इसके साथ ही कांग्रेस ने उन्हें पटना साहिब संसदीय सीट से पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया जहां वे भाजपा के उम्मीदवार और केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद को टक्कर देंगे।

कांग्रेस में शामिल होने के बाद शत्रुघ्न सिन्हा प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल हुए। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला, बिहार कांग्रेस के प्रभारी शक्ति सिंह गोहित और केसी वेणुगोपाल मौजूद रहे। कॉन्फ्रेंस के दौरान सिन्हा ने भाजपा को स्थापना दिवस की बधाई दी। साथ ही उन्होंने कहा कि उन्होंने भारी मन से पार्टी छोड़ी है।

क़रीब तीन दशकों तक भारतीय जनता पार्टी के साथ रहे शत्रुघ्न सिन्हा ने पिछले महीने 28 मार्च को उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की थी और पार्टी में शामिल होने को लेकर उनसे बातचीत की थी। उसके बाद उन्होंने एलान किया था कि नवरात्र का पहला दिन शुभ है और इसी दिन नई शुरुआत होगी।

शत्रुघ्न सिन्हा :

  • बॉलिवुड में ‘शॉटगन’ के नाम से मशहूर शत्रुघ्न सिन्हा ने 1992 में अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की जब उन्होंने नई दिल्ली के उपचुनाव में कांग्रेस के राजेश खन्ना को टक्कर दी।
  • यद्यपि इस उपचुनाव में राजेश खन्ना ने उन्हें 27 हज़ार वोटों के अंतर से हरा दिया था लेकिन इसके बाद शत्रुघ्न सिन्हा बीजेपी के स्टार प्रचारकों में शामिल हो गए।
  • बाद में ये 1996 में बिहार से राज्यसभा सांसद बने।
  • ये अटल सरकार में मंत्री भी रहे, 2009 और 2014 में पटना साहिब से लोकसभा चुनाव भी जीता।
  • इनका जन्म 15 जुलाई, 1946 को बिहार के पटना में हुआ था।
  • 1970 में देव आनंद की फ़िल्म ‘प्रेम पुजारी’ से एक सह-कलाकार के रूप में इन्होंने अपने फ़िल्मी करियर की शुरुआत की थी।
  • 1980 के दशक में ये अपनी फिल्मों और उसमें अभिनय को लेकर काफी लोकप्रिय हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top