skip to Main Content

छठे चरण में दिल्ली में हुई 60.21 प्रतिशत वोटिंग; पिछली बार से 4.89 फ़ीसदी रही कम

आम चुनाव-2019 में दिल्ली की 7 लोकसभा सीटों पर 12 मई, 2019 को वोटिंग हो गई। इस बार दिल्ली में 60.21 प्रतिशत मतदान हुआ, हालांकि यह 2014 के चुनावों के मुकाबले क़रीब 5 फ़ीसदी कम रहा। दिल्ली में इस बार 63.45 फ़ीसदी वोटिंग के साथ नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के मतदाता टॉप पर रहे।  यद्यपि आंकड़ों में तब्दीली संभव है, क्योंकि अंतिम आंकड़े नहीं मिल सके थे।


मुख्य बिंदु:

    • राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इस बार वोटर टर्नआउट 60.21 फ़ीसदी रहा।
    • नॉर्थ ईस्ट दिल्ली में सबसे ज़्यादा 63.5 प्रतिशत वोटिंग हुई। 62.6 प्रतिशत वोटिंग के साथ दूसरे नंबर पर चांदनी चौक सीट रही। ईस्ट दिल्ली में 61.9%, वेस्ट दिल्ली में 60.6 प्रतिशत, नॉर्थ वेस्ट में 58.9%, साउथ दिल्ली में 57.3% और नई दिल्ली में सबसे कम 56.4% वोटिंग हुई।

    • 2014 में यहां 65.1 फ़ीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था, जबकि 2009 में दिल्ली में 51.84 फ़ीसदी वोटिंग दर्ज की गई थी।
    • राजधानी की पहली महिला विधायक रहीं 96 वर्षीया पुष्पा देवी ने भी दिल्ली के लोधी एस्टेट में अपना वोट डाला।


    • इस बार शहरी मतदाताओं के मुकाबले ग्रामीण मतदाताओं में ज़्यादा उत्साह दिखाई दिया। यहां कई बूथों पर महिलाएं वोट देने में पुरुषों से आगे रहीं।
    • चुनाव अधिकारियों के मुताबिक भीषण गर्मी की वजह से वोटिंग में यह कमी आई है। मतदाताओं को मतदान केन्द्रों तक लाने के लिये दिल्ली निर्वाचन आयोग की ओर से जागरुकता अभियान चलाए जाने के बावजूद उम्मीद के मुताबिक वोटिंग नहीं हुई।


  • दिल्ली के चुनाव में 164 प्रत्याशी मैदान में है और इसमें सिर्फ 17 महिलाएं हैं।
  • वोटिंग के दौरान दिल्ली के कई इलाकों से ईवीएम में खराबी और मतदाता सूची में नाम नहीं होने की ख़बरें भी सामने आईं। इस सबके बावजूद, दिल्ली के वोटर्स 60.21 प्रतिशत के साथ फर्स्ट क्लास पास हो गए हैं।
  • बता दें कि दिल्ली में भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।


महिला सशक्तिकरण आया नज़र:
वोटिंग के मामले में दिल्ली की महिलाएं भी पूरे उत्साह में नज़र आयीं। युवा महिलाओं के साथ-साथ प्रदेश की बुज़ुर्ग महिलाओं ने भी जोशीले अंदाज़ में वोटिंग की। वोट देने के बाद महिलाओं ने सेल्फी ली और दोस्तों के साथ फ़ोटो शेयर भी कीं।

  Loksabha Elections 2019: 60.21% voter turnout in Delhi

दिखाई दिया भरपूर युवा जोश:
दिल्ली के मतदाताओं में जहां एक ओर युवाओं का जोश नज़र आया वहीँ ढलती उम्र में भी बुज़ुग इस नागरिक कर्तव्य को निभाने में बढ़ चढ़ कर आगे दिखाई दिए। लोकतंत्र के इस महापर्व में दिल्ली के युवाओं में भरपूर जोश दिखाई दिया। लोगों ने ना सिर्फ वोट डाला बल्कि इस अवसर पर अपने वोटिंग निशान के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और शेयर भी कीं। हालांकि आज के दिन सभी जगह अवकाश रहता है पर जिन लोगों का अवकाश नहीं था उन लोगों ने ऑफिस से पहले जा कर भी मतदान किया।



रोज़े के दौरान भी मुस्लिम इलाकों में हुआ बंपर मतदान:
लोकतंत्र के इस महापर्व में दिल्ली के मुस्लिम युवाओं और महिलाओं के बीच रमज़ान के रोज़े के बावजूद भरपूर जोश दिखाई दिया। दिल्ली की मुस्लिम बाहुल्य सीटों पर सबसे अधिक मतदान देखने को मिला। 12 मई को लोकसभा 2019 के छठे चरण के तहत दिल्ली में हुए मतदान पर रमज़ान का असर कम ही नज़र आया। हालांकि कई जगह सुबह के वक्त कम वोटर देखने को मिले। इन चुनावों में दिल्ली के जिस उत्तर-पूर्वी इलाक़े में सर्वाधिक 63.45% वोटिंग प्रतिशत देखने को मिला, ग़ौरतलब है कि दिल्ली के इसी लोकसभा क्षेत्र में प्रदेश की सबसे ज़्यादा मुस्लिम आबादी रहती है। यहां करीब 23 फीसदी मुस्लिम हैं, जिसमें सीलमपुर और मुस्तफाबाद जैसे मुस्लिम बहुल इलाके आते हैं।



लोकतंत्र के महापर्व में मुसलमानों ने जमकर ली भागीदारी:  
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के बाद सबसे ज़्यादा वोटिंग प्रतिशत चांदनी चौक लोकसभा सीट पर रहा है। इस सीट में पुरानी दिल्ली के चांदनी चौक, मटियामहल और बल्लीमारां जैसे मुस्लिम बहुल इलाके आते हैं और इस लोकसभा में करीब 20 फीसदी मुस्लिम आबादी है। तीसरे नंबर पर पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र रहा, जिसके अधीन ओखला जैसी विधानसभा आती हैं। यहां 61.95 प्रतिशत वोटिंग हुई है। वोटिंग प्रतिशत के आंकड़ों को देखा जाए तो दिल्ली के जिन इलाकों में सबसे ज्यादा वोटिंग हुई है, मुस्लिम मतदाताओं की संख्या वहां सबसे ज़्यादा है। ग़ौरतलब है कि यह पहला मौक़ा था जब रमज़ान के दौरान लोकसभा चुनाव का मतदान हुआ।


ढलती उम्र में भी उत्साहपूर्वक किया मतदान:
बुज़ुर्गों ने भी चुनाव में जमकर उत्साह दिखाया। दिल्ली के सबसे उम्रदराज़ बुज़ुर्ग 111 साल के बच्चन सिंह ने वोट डाला, तो दिल्ली की सबसे बुज़ुर्ग महिला 111 साल की राम प्यारी भी वोट देने मतदाता केंद्र पहुंची। सीलमपुर के 103 साल के बुनियाद अली ने पूरे उत्साह से मतदान किया तो दूसरी ओर दिलशाद गार्डन में रहने वाले 101 साल के खजान सिंह को सम्मानित कर चुनाव आयोग की टीम घर से लेने गई।


दिल्ली में कहां कितना हुआ मतदान:
लोकसभा सीट                  2019        2014 (आंकड़े %में)
चांदनी चौक                      62.69            67.87
उत्तर-पूर्वी दिल्ली              63.45             67.32
पूर्वी दिल्ली                      61.95             65.41
नई दिल्ली                       56.47             65.11
उत्तर पश्चिम दिल्ली            58.99            61.81
दक्षिण दिल्ली                 57.30             62.92
पश्चिमी दिल्ली               60.64            66.13

अब 19 मई को अंतिम चरण का मतदान भी रमज़ान के इस पवित्र महीने के बीच ही संपन्न होना है। 17वीं लोकसभा-2019 के लिए मतगणना 23 मई को की जाएगी।





Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top