skip to Main Content

भारत और अफ्रीका के बीच “फील्ड प्रशिक्षण अभ्यास -2019” सैन्य अभ्यास शुरू हुआ

भारत और अफ्रीकी देशों का अफ्रीका-भारत फील्ड प्रशिक्षण अभ्‍यास -2019 (एएफआईएनडीईएक्स-19) का उद्घाटन 18 मार्च, 2019 को औंध मिलिट्री स्टेशन, पुणे में हुआ। यह दस दिवसीय अभ्‍यास 18 मार्च से 27 मार्च, 2019 तक आयोजित किया जायेगा। भारतीय सेना का 17 अफ्रीकी देशों के साथ यह सैन्य अभ्यास भारत एवं अफ्रीकी महाद्वीप के बीच बढ़ते सामरिक संबंधों को दर्शाता है।

उद्घाटन समारोह में चीता हेलिकॉप्‍टर और एडवांस लाइट हेलिकॉप्‍टरों ने संयुक्‍त राष्‍ट्र, भारत और एएफआईएनडीईएक्स-19 के झंडे लहराए। मुख्य अतिथि और अफ्रीकी देशों के रक्षा अधिकारियों ने परेड की समाप्ति के बाद प्रतियोगियों के साथ बातचीत की। मेजर जनरल संजीव शर्मा, जनरल ऑफिसर कमांडिंग, गोल्डन कटार डिवीज़न, उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि थे।

यह अभ्यास भाग ले रहे देशों के बीच सर्वोत्तम कार्य प्रणालियों के आदान-प्रदान, टीम निर्माण एवं संयुक्त राष्ट्र द्वारा अनिवार्य किए गए कार्यों के आचरण में सामरिक स्तर के संचालन पर केंद्रित होगा।

सैन्य अभ्यास में शामिल 17 अफ्रीकी देश:

बेनिन, बोत्स्वाना, घाना, केन्या, मिस्र, मॉरीशस, मोज़ाम्बिक, नामीबिया, नाइजर, नाइजीरिया, सेनेगल, दक्षिण अफ्रीका, सूडान, तंज़ानिया, युगांडा, ज़ाम्बिया और ज़िम्बाब्वे।

“एएफआईएनडीईएक्स-19” के उद्देश्य:

यह अभ्यास प्रतिभागी राष्‍ट्रों के बीच सर्वोत्‍तम अभ्‍यासों के आदान-प्रदान पर आधारित है। संयुक्त राष्ट्र शांति स्‍थापना गतिविधि के अध्याय VII के तहत मानवीय सहायता और शांति स्‍थापना गतिविधियों के लिए योजना बनाना और इसका परिचालन इस अभ्‍यास के उद्देश्‍य हैं।

विदित हो कि नये मिशन की स्थापना, सैन्य पर्यवेक्षक हेतु स्‍थल चयन, शांति स्‍थापना गतिविधियों के लिए संयुक्‍त राष्‍ट्र मुख्यालय के लिए स्‍थल चयन, नागरिकों की सुरक्षा, युद्धक तैनाती, सैन्‍य दल की सुरक्षा तथा मानवीय सहायता हेतु निगरानी के विभिन्‍न आयाम संयुक्‍त राष्‍ट्र द्वारा दी गई कार्य योजना में शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top