skip to Main Content

राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने नारी शक्ति पुरस्कार-2018 प्रदान किये

राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने 08 मार्च, 2019 को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक विशेष समारोह में 44 महिलाओं और संस्थानों को ‘नारी शक्ति पुरस्कार 2018’  से सम्मानित किया।

देश में महिलाओं का सर्वोच्च नागरिक सम्मान कहलाने वाला यह नारी शक्ति पुरस्कार महिला सशक्तीकरण और सामाजिक कल्याण में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं और संस्थानों को केन्द्रीय महिला और बाल विकास मंत्रालय द्वारा प्रदान किया जाता है। इस वर्ष नारी शक्ति पुरस्कार के लिए एक वन स्टॉप सेंटर और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत बाल लिंग अनुपात सुधारने में उल्लेखनीय प्रगति दिखाने वाले एक राज्य को भी चुना गया है। वन स्टॉप सेंटर हिंसा से पीड़ित महिलाओं को आश्रय देने और उन्हें कानूनी सहायता प्रदान करने के केन्द्र के रूप में कार्य करता है।

वर्ष 2018 के इन पुरस्कारों हेतु 1000 से अधिक नामांकन प्रस्तुत किये गए थे जिनमें से 41 हस्तियों और 3 संस्थानों सहित कुल 44 का चयन किया गया।

 

पुरस्कृत प्रमुख हस्तियां:

आकाशवाणी की पहली महिला संगीत निर्देशक डॉ. माधुरी बड़थवाल; भारत-पाकिस्तान अंतर्राष्ट्रीय बॉर्डर से सटे थार के बाड़मेर ज़िले की रूमादेवी को हस्तशिल्प के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए; DRDO वैज्ञानिक इप्सिता बिस्वास; भारत की पहली मरीन पायलट रेशमा निलोफर नाहा, कृषि जैव विविधता विशेषज्ञ रहीबाई सोमा पोपेरे, तेज़ाब हमले की पीड़िता प्रज्ञा प्रसून, मोटिवेशनल स्पीकर सिस्टर शिवानी तथा महिला कमांडो प्रशिक्षक सीमा राव शामिल हैं।

 

पुरस्कृत संस्थान:

वन स्टॉप सेंटर (लखनऊ); सामाजिक कल्याण एवं पौष्टिक भोजन कार्यक्रम विभाग (तमिलनाडु); तथा कसब क्राफ्ट्सवुमन प्रोडूसर।

 

नारी शक्ति पुरस्कार:

नारी शक्ति पुरस्कार की शुरूआत वर्ष 1999 में हुई थी। यह देश में महिलाओं का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। विषम परिस्थितियों में भी महिला सशक्तीकरण और सामाजिक कल्याण के लिए अथक सेवा करने वाली महिलाओं और संस्थाओं को   महिलाओं और बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा यह सम्मान दिया जाता है। ये पुरस्कार प्रत्येक वर्ष 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्वारा प्रदान किये जाते हैं। इसमें विजेताओं को पुरस्कार स्वरूप एक लाख रुपये की राशि तथा एक प्रमाण पत्र दिया जाता है। यह पुरस्कार छह श्रेणियों के अंतर्गत दिया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top