गूगल के वाइस प्रेसिडेंट राजन आनंदन ने दिया पद से इस्तीफा
गूगल के भारत और दक्षिण पूर्व एशिया के वाइस प्रेसिडेंट रहे राजन आनंदन ने अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया। राजन के स्थान पर अब विकास अग्निहोत्री को गूगल इंडिया का अंतरिम कार्यभार सौंपा गया है। विकास अभी सेल्स निदेशक हैं।
राजन आनंदन इस महीने के अंत तक गूगल में अपने पद पर बने रहेंगे। ये पिछले आठ सालों से गूगल से जुड़े हुए थे। इस दौरान उन्होंने कंपनी में कई पदों को संभाला। इन्होंने वर्ष 2011 में यह पद संभाला था। गूगल से पहले ये माइक्रोसॉफ्ट इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर रह चुके हैं। राजन डेल और मैकेंज़ी के साथ भी काम कर चुके हैं।
दिसंबर 2018 में आनंदन को इंपैक्ट पर्सन ऑफ पर्सन पुरस्कार से नवाज़ा गया था। उन्हें यह पुरस्कार भारत में इंटरनेट को अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए दिया गया था। राजन ने कई स्टार्टअप कंपनियों में भी निवेश किया है।
आनंदन अब संयुक्त उद्यम सिकोइया कैपिटल के साथ उसके एमडी के तौर पर जुड़ेंगे। गूगल में अपने काम करने के अनुभव को आनंदन ने यादगार बताया।

